राजनैतिक माहौल हुआ गर्म, आरोप प्रत्यारोप तेज
कूचबिहार (निज संवाददाता)। दिनहाटा और माथाभांगा के बाद अब तूफानगंज के बांसराजा इलाके की निवासी ममीना बीबी को एनआरसी का नोटिस मिला है, जिसे लेकर कूचबिहार में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। करीब 40 साल पहले ममीना बीबी की शादी असम में हुई थी, लेकिन दो साल के भीतर ही तलाक हो गया और वह स्थायी रूप से अपने मायके तूफानगंज लौट आईं। वहीं उन्हें अब तक लगातार तीन बार एनआरसी नोटिस मिला है। बीते दिन स्थानीय पुलिस प्रशासन ने उन्हें इस बाबत चेतावनी दी, तब जाकर मामले ने तूल पकड़ा है। घटना सामने आने के बाद तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व उत्तर बंगाल विकास मंत्री रविंद्रनाथ घोष ने तीखा बयान देते हुए कहा कि यह और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिर्फ बंगाली बोलने से कोई बांग्लादेशी नहीं हो जाता। भाजपा के कई नेता खुद बहुत पहले से यहां के नहीं हैं। अगर इसके बाद भी किसी को एनआरसी नोटिस भेजा गया, तो भाजपा नेताओं के घरों का घेराव किया जाएगा और उनसे भी दस्तावेज मांगे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुक्चयमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी भारतीय नागरिक की नागरिकता नहीं जाएगी और तृणमूल पार्टी के तौर पर वे हर पीड़ित व्यक्ति के साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बंगाल में 26 से अधिक सीटें नहीं पाएगी और असम से भी भाजपा शब्द ही मिट जाएगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष अभिजीत बर्मन ने इसका कड़ा जवाब देते हुए कहा कि चूंकि ममीना बीबी की शादी असम में हुई थी और उनका नाम वहां के वोटर लिस्ट में था, इसलिए ही उनसे दस्तावेज मांगे गए हैं। अगर वे सही दस्तावेज जमा कर देती हैं तो कोई समस्या नहीं होगी। इसमें कोई राजनीति नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यह नोटिस 2024 की शुरुआत में जारी किया गया था, लेकिन अब इतने दिन बाद ञ्चयों दिया जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें तृणमूल कांग्रेस की गहरी साजिश है। रविंद्रनाथ घोष की धमकी पर उन्होंने कहा कि अगर हिक्वमत है तो भाजपा नेताओं के घरों का घेराव करके दिखाएं। अगर किसी भी भाजपा कार्यकर्ता को कुछ हुआ, तो उसकी जिमेदारी रविंद्रनाथ घोष की होगी।
साफ है कि चुनाव से पहले शासक दल एनआरसी को एक बड़ा हथियार बनाना चाह रही है। विपक्ष का कहना है कि शासक दल आम लोगों को इस मुद्दे पर गुमराह कर रही है। लगातार तीखे शब्दों में हो रहे आरोप-प्रत्यारोप को लेकर आम लोगों में भी चिंता का माहौल है। इस घटना के बाद कूचबिहार जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष अभिजीत दे भौमिक खुद ममीना बीबी के घर पहुंचे।