मेदिनीपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा में शनिवार को दिनदहाड़े बैंक से रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रही महिला से बैग छीनने की घटना सामने आई है। बैग में करीब 10 हजार रुपये होने की जानकारी मिली है। घटना बेलदा बस अड्डे के समीप जैन मंदिर इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला ने शनिवार सुबह एक स्थानीय बैंक से करीब 10 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह साइकिल से घर लौट रही थी। जैन मंदिर के पास पहुंचते ही पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और चलती साइकिल से महिला का रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मोटरसाइकिल सवारों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश तेज गति से मोटरसाइकिल चलाकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बेलदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार, खबर लिखे जाने तक घटना को लेकर थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।



