बालुरघाट (निज संवाददाता)। भाजपा ने बालुरघाट नगरपालिका पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए महकमा शासक को ज्ञापन दिया। मंगलवार को बालुरघाट शहर में भाजपा नेताओं के आह्वान पर सौ से अधिक भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक रैली में शामिल होकर बालुरघाट स्थित जिला समाहर्ता भवन के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन दिया। दक्षिण दिनाजपुर जिले में भाजपा के महासचिव बापी सरकार ने कहा कि जब वे लोग नगरपालिका में प्रतिनिधिमंडल दाखिल करने गए, तो नगरपालिका के अध्यक्ष भागते फिर रहे थे, इसीलिए उन्हें महकमा शासक को ज्ञापन देने के लिए मजबूर होना पड़ा है। भाजपा ने चेतावनी दी कि अगर इससे बात नहीं बनी तो वे सभी जिलों के सभी कार्यकर्ताओं को लेकर जिलाधिकारी के दरवाजे पर जायेंगें।



