गंगटोक। सिक्किम की सभी स्वयं सहायता समूहों की ओर से मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग गोले को हार्दिक बधाई प्रेषित की गई है, जिन्हें प्रतिष्ठित इंडिया टुडे मूड ऑफ द नेशन अगस्त 2025 सर्वेक्षण में भारत के छोटे राज्यों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। मुख्यमंत्री श्री गोले को यह सम्मान 54 प्रतिशत की सराहनीय जनस्वीकृति रेटिंग के साथ प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह दर्शाती है कि देशभर के लोगों ने उनके नेतृत्व, करुणा और ईमानदारी में अटूट विश्वास जताया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिक्किम ने समावेशी और सतत विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
महिलाओं को सशक्त बनाना, एसएचजीएस को बढ़ावा देना, युवाओं के लिए अवसरों का सृजन, शिक्षा को सुदृढ़ बनाना तथा सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना उनकी नीति का मूल आधार रहा है। हाल ही में घोषित आमा सम्मान दिवस इसका एक सजीव उदाहरण है, जो महिलाओं, विशेषकर माताओं और देखभाल करने वाली महिलाओं के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाता है। एसएचजीएस के लिए यह केवल एक नीति निर्णय नहीं, बल्कि एक भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल रही है।
एसएचजीएस की महिलाएं मुख्यमंत्री की योजनाओं के वास्तविक लाभार्थी रही हैं। उनके समर्थन से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है, परिवारों को स्थायित्व मिला है और समुदायों में आशा व समृद्धि की नई लहर देखी गई है। मुख्यमंत्री ने न केवल संसाधन दिए, बल्कि भरोसा भी दिया – और इसी भरोसे ने हजारों महिलाओं को नेतृत्व की ओर प्रेरित किया। यह सम्मान पूरे सिक्किम की जनता की उपलब्धि है, लेकिन सबसे अधिक यह उस नेता को समर्पित है जो हमेशा जनता की भलाई को सर्वोपरि रखते हैं और कभी अपनी जड़ों को नहीं भूलते।



