सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी नगर निगम के 26 नंबर वार्ड के बाबूपाड़ा स्थित आलू चौधरी मोड़ इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने शनिवार को कड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने एक बहुमंजिला इमारत के अवैध हिस्से को तोड़कर पूरी तरह हटा दिया।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, संबंधित बहुमंजिला इमारत में बिना अनुमति के अतिरिक्त निर्माण किया गया था। मामला सामने आने के बाद नगर निगम की ओर से भवन मालिक को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध हिस्से को स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया था।
आरोप है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद भवन मालिक की ओर से अवैध निर्माण को हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
शनिवार को नगर निगम के संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अवैध हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। नगर निगम की टीम ने निर्माण के अवैध हिस्से को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।



