Thursday, March 12, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

कूचबिहार पुलिस अधीक्षक पर काली पूजा की रात लोगों की पिटाई का आरोप

कूचबिहार। कूचबिहार जिला पुलिस अधीक्षक द्युतिमान भट्टाचार्य पर काली पूजा की रात आम लोगों की पिटाई करने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर कूचबिहार शहर के 9 नंबर वार्ड स्थित पुलिस अधीक्षक के बंगले इलाके में काफी तनाव है। इसके साथ ही, घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है, जिससे इलाकाई लोगों में गुस्सा है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि पुलिस अधीक्षक लोगों की पिटाई कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस अधीक्षक ने इस आरोप से इनकार करते हुए दावा किया है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को दीपावली की आधी रात के आसपास कुछ स्थानीय निवासी रेल घुमटी स्थित पुलिस अधीक्षक बंगले के पास आतिशबाजी कर रहे थे। कथित तौर पर, पुलिस अधीक्षक अचानक अपने बंगले से बाहर आए और उन्हें डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इसमें पांच नाबालिग घायल हुए जिनमें से दो गंभीर हैं। इनमें मल्लिका कारजी नाम की एक वकील भी शामिल थीं जिनके घर के सामने ही यह घटना हुई। इसके बाद, रात की घटना को लेकर आक्रोशित इलाकाई लोगों ने आज सुबह पुलिस अधीक्षक के बंगले के पास इकट्ठा होकर विरोध-प्रदर्शन किया। वकील ने इस मामले की जानकारी बार काउंसिल ऑफ इंडिया को पहले ही दे दी है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह राज्य की मुक्चयमंत्री को इसकी जानकारी देने के अलावा हाई कोर्ट में भी मामला दर्ज कराने जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस की कुछ और गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं थीं और उनलोगों ने इलाके की एक दुकान में तोडफ़ोड़ भी की।
हालांकि, पुलिस अधीक्षक द्युतिमान भट्टाचार्य ने इससे इनकार करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। वे शाम से ही पटाखे फोड़ रहे थे। सुरक्षा गार्ड द्वारा कई बार चेतावनी देने के बावजूद वे रात के एक बजे तक पटाखे फोड़ते रहे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बंगले पर कई पटाखे भी फेंके गए जिससे बंगले के अंदर मौजूद जानवरों को काफी परेशानी हो रही थी। उनके अनुसार, किसी के साथ मारपीट नहीं की गई, केवल उन्हें चेतावनी दी गई थी।

इधर, कल की घटना से गुस्साये स्थानीय लोगों ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने ही कूचबिहार-तूफानगंज राज्य सडक़ को अवरूद्ध कर दिया। इससे वहां भयावह स्थिति पैदा हो गई और पूरा इलाका रणक्षेत्र बन गया। खबर मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोप है कि उन्होंने स्थानीय लोगों पर लाठीचार्ज किया और उन्हें घसीटते हुए ले गई। साथ ही, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कूचबिहार पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं मिली है और इलाके में व्यापक तनाव है।

Popular Coverage