दिनहाटा (संवाददाता)। दिनहाटा-2 ब्लॉक के शालमारा इलाके में हमले की शिकार भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने आज राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. अर्चना मजूमदार दिनहाटा पहुंचीं। यहां उन्होंने शालमारा इलाके के नाजिरहाट-2 ग्राम पंचायत की भाजपा सदस्य युथिका बर्मन के घर जाकर परिजनों से बात की। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले युथिका बर्मन समेत चार भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में तोडफ़ोड़ और लूटपाट की गई थी, जिसका आरोप तृणमूल कांग्रेस पर है।
आज प्रभावित भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से बात करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. अर्चना मजूमदार ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने इलाके में चार भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में तोडफ़ोड़ की। उन्होंने घर से पैसे, सोना और अन्य कीमती सामान लूट लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने महिलाओं को प्रताडि़त और परेशान किया और एक गर्भवती महिला को लात भी मारी। उनके अनुसार, वर्तमान में यहां अराजकता का राज चल रहा है। लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने इन परिवारों को मुआवजा दिलवाने के लिए मामले को अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष उठाने की बात कही।
इस दौरान, डॉ. अर्चना मजूमदार ने पश्चिम बंगाल राज्य पुलिस पर भी अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने कहा, कोई अदृश्य शञ्चित पुलिस को काम नहीं करने दे रही है, कानून उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है। यहां कोई लोकतांत्रिक स्थिति नहीं है। इसके बाद, डॉ. अर्चना मजूमदार ने इलाके में हमले की शिकार मोलिना बर्मन और जितेंद्र बर्मन के घर जाकर परिवार के सदस्यों से बात की।
उल्लेखनीय है कि, जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, दिनहाटा के विभिन्न इलाकों में राजनीतिक तनाव बढऩे लगा है। कुछ दिन पहले, शालमारा इलाके में भाजपा ग्राम पंचायत सदस्य युथिका बर्मन, भाजपा नेता तारिणी कांत बर्मन जितेंद्र बर्मन और मोलिना बर्मन के घरों में तोडफ़ोड़ की गई थी। इनके आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगे हैं। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
इस घटना के अगले दिन, जब भाजपा विधायक सह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पांच भाजपा विधायक घटनास्थल का निरीक्षण करने गए, तो आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस समर्थित लोगों द्वारा उनकी कारों में तोडफ़ोड़ की गई। उसके बाद, आज आज राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ. अर्चना मजूमदार द्वारा प्रभावित परिवार से मुलाकात की घटना राजनीतिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है।