सिलीगुड़ी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। नक्सलबाड़ी रेलवे स्टेशन पर सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस का आधिकारिक स्टॉपेज शुरू हो गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में दार्जिलिंग लोकसभा सांसद राजू बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर नए स्टॉपेज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कटिहार रेल मंडल के अधिकारियों के साथ माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन भी उपस्थित रहे। ट्रेन का स्टॉपेज मिलने से स्थानीय निवासी और व्यापारी वर्ग में खुशी का माहौल है।
अब तक कोलकाता जाने के लिए कांचनकन्या एक्सप्रेस का स्टॉपेज नक्सलबाड़ी में उपलब्ध था, लेकिन दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन (एनजेपी) पर निर्भर रहना पड़ता था। सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस के स्टॉपेज से अब नक्सलबाड़ी के साथ-साथ नेपाल और पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। सांसद राजू बिष्ट ने इसे नक्सलबाड़ी के लिए खुशी की खबर बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल कुल नौ ट्रेनें नक्सलबाड़ी स्टेशन पर यात्री सेवा दे रही हैं और आने वाले समय में कैपिटल एक्सप्रेस का स्टॉपेज भी यहां शुरू होगा।



