Thursday, March 12, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

भारी तबाही के बीच एडवर्ड्स ने की आपातकालीन बैठक की मांग

 दार्जिलिंग। लगातार हो रही मूसलधार बारिश से दार्जिलिंग पहाड़ में व्यापक तबाही के बीच इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट (आईजीजेएफ) के केंद्रीय संयोजक अजय एडवर्ड्स ने जीटीए प्रमुख अनित थापा से आपातकालीन बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राजनीतिक मतभेदों को भूलकर सभी दलों को एकजुट होकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग देना चाहिए। अजय एडवर्ड्स ने अपने आधिकारिक वीडियो संदेश में कहा कि शनिवार रात से जारी भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग, मिरिक, पुवोंग और अन्य क्षेत्रों में भारी जान-माल की क्षति हुई है। अनेक घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं, सड़कें टूट गई हैं और सम्पत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस समय हमें सरकार के भरोसे नहीं बैठना चाहिए। यह प्राकृतिक आपदा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। पहाड़ के हर नागरिक को एकजुट होकर पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आना होगा। अजय एडवर्ड्स ने क्षेत्र के व्यापारियों से आर्थिक एवं सामग्री सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायकों और सांसदों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और राज्य तथा केंद्र से तत्काल राहत सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने जीटीए प्रमुख अनित थापा से आग्रह किया कि वे तुरंत आपातकालीन बैठक बुलाएं और सभी राजनीतिक दलों, संगठनों व सामाजिक संस्थाओं को उसमें आमंत्रित करें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दार्जिलिंग की वर्तमान स्थिति को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को तत्काल भेजा जाए ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके। अंत में अजय एडवर्ड्स ने कहा कि मिरिक में कई लोगों की जान जा चुकी है। पहाड़, तराई और दूधे इलाकों में स्थिति बेहद गंभीर है। इस दुःखद घड़ी में हमें एकजुट होकर पीड़ितों की सहायता करनी होगी।

Popular Coverage