Wednesday, August 27, 2025
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

सदन से शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए : विनोद कुमार पांडेय

रांची, (आईएएनएस)। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिवंगत शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग उठाई है। पार्टी के महासचिव और प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने 22 अगस्त से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के पूरक मानसून सत्र में इस आशय का प्रस्ताव पारित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा का यह सत्र ऐतिहासिक बन सकता है, अगर सदन से शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए।

पांडेय ने कहा कि 22 अगस्त को जहां अनुपूरक बजट पेश होगा और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी, वहीं 26 अगस्त को अतिवृष्टि और किसानों की समस्याओं पर चर्चा होगी। ऐसे में यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सदन की आवाज गुरुजी के सम्मान में एकजुट होकर दिल्ली तक पहुंचे। पांडेय ने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन त्याग, संघर्ष और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने नशाखोरी और महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन छेड़ा, आदिवासी समाज को शिक्षा व सामाजिक चेतना से जोड़ा और अलग राज्य निर्माण आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया। झारखंड राज्य निर्माण के संघर्ष से लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने सदैव जनहित को सर्वोपरि रखा।

उन्होंने कहा कि दिशोम गुरुजी का योगदान केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी सामाजिक न्याय और हक-हकूक की लड़ाई लड़ी। ऐसे महापुरुष को भारत रत्न देने की पहल अब तक केंद्र सरकार को खुद करनी चाहिए थी। भाजपा के सांसद और विधायकगण को भी इस मांग के समर्थन में आगे आना चाहिए क्योंकि शिबू सोरेन एक सर्वमान्य नेता थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर झारखंड विधानसभा से यह प्रस्ताव पारित होकर केंद्र तक जाएगा तो यह न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश के लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों को गौरवान्वित करेगा। उन्होंने सत्ताधारी दल से आग्रह किया कि इस प्रस्ताव को प्राथमिकता से सदन में लाकर पारित कराया जाए।

Popular Coverage