गंगटोक। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम (बीएएस) के महासचिव सुकांत दास को दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का प्रबंधक चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने दास के मनोनयन को सिक्किम के लिए गर्व का पल बताया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने आज सुबह बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के महासचिव सुकांत दास से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। उनके साथ बीएएस के अध्यक्ष जैकब खालिंग भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने यह बताते हुए खुशी जताई कि सुकांत दास को दो प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट, नीदरलैंड के हार्लेम में होने वाले डच जूनियर इंटरनेशनल ग्रैंड प्रिक्स और जर्मनी के लुडिंगहौसेन में होने वाले जर्मन जूनियर इंटरनेशनल ग्रैंड प्रिक्स के लिए भारतीय टीम का प्रबंधक चुना गया है। उन्होंने कहा कि यह सिक्किम के लिए भी गर्व का पल है कि बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने दास को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘यह मान्यता दास की अटल समर्पण और राज्य में बैडमिंटन को बढ़ावा देने में उनके बहुमूल्य योगदान को दर्साती है।’ मुख्यमंत्री ने दास को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



