Sunday, April 26, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

फिजी के प्रधानमंत्री राबुका 24 अगस्त से भारत दौरे पर, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मु से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। प्रशांत महासागर में भारत के महत्वपूर्ण मित्र देश फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी लिगमामादा राबुका, 24 अगस्त को भारत की तीन दिन की राजकीय यात्रा पर यहां आएंगे।

विदेश मंत्रालय ने आज यहां बताया कि श्री राबुका के साथ उनकी पत्नी सुलुएती राबुका भी आएंगी तथा उनके साथ आने वाले प्रतिनिधि मंडल में फिजी के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा मंत्री रातू अटोनियो लालबालावु और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री राबुका की वर्तमान पद पर यह पहली भारत यात्रा होगी। नई दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री राबुका 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अतिथि के सम्मान में दोपहर के भोज देंगे। प्रधानमंत्री राबुका नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मु ने अगस्त 2024 में फिजी का दौरा किया था। श्री राबुका की भारत यात्रा के पहले प्रशांत महासागर के एक और महत्वपूर्ण मित्र फिलीपीन्स के राष्ट्रपति भी इसी माह भारत की यात्रा पर आये थे।

प्रधानमंत्री राबुका का यहां भारतीय थिंक टैंक वैश्विक मामलों की भारतीय परिषद (आईसीडब्ल्यूए) में ‘शांति का महासागर’ विषय पर व्याख्यान देने का भी कार्यक्रम है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री राबुका की यह यात्रा भारत और फिजी के बीच दीर्घकालिक और स्थायी संबंधों को रेखांकित करती है। यह सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने तथा हमारे लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों को और गहरा करने के लिए दोनों देशों की निरंतर प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।

Popular Coverage