दार्जिलिंग। हम दौड़े भी, हमने साफ़ भी किया और मिलकर दार्जिलिंग को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया। इसी संदेश के साथ रविवार को घूम स्टेशन से जोरबंगलो तक आयोजित प्लॉगिंग अभियान बड़े उत्साह और सफलता के साथ सम्पन्न हुआ। यह अभियान न केवल स्वच्छता की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि दार्जिलिंग की सामुदायिक भावना और पर्यावरणीय चेतना का जीवंत उदाहरण भी बना। इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों, पर्यटन से जुड़े संस्थानों और युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी प्रतिभागियों ने रास्ते में दौड़ते हुए कचरा उठाया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। प्रतिभागियों की ऊर्जा और उत्साह ने इस आयोजन को एक उत्सव का रूप प्रदान किया।
आयोजकों ने इस अभियान की सफलता का श्रेय सहयोगी संस्थाओं और व्यक्तियों को देते हुए आभार व्यक्त किया। इनमें स्टर्लिंग रिज़ॉर्ट टीम, हिल्डारी, गोल्डन पाइन प्रोडक्शन, मेरो दार्जिलिंग, द यूथ फॉर टूरिज़्म, एडवेंचर दार्जिलिंग, बिकु चामलिंग, यस मो घूम पहाड़ को आदि संस्था की प्रमुख भागीदारी रही। इस अभियान के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश गया कि दार्जिलिंग की सुंदरता केवल प्राकृतिक नहीं है, बल्कि इसे बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों का सामूहिक प्रयास भी उतना ही आवश्यक है।
आयोजकों ने कहा कि जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है, तो पहाड़ की स्वच्छता और सौंदर्य को लंबे समय तक संरक्षित रखा जा सकता है। दार्जिलिंग पर्यटन की दृष्टि से विश्वप्रसिद्ध है। स्वच्छ वातावरण न केवल स्थानीय जीवन के लिए बल्कि यहां आने वाले सैलानियों के लिए भी अनमोल धरोहर है। आज का यह प्लॉगिंग अभियान इस दिशा में एक और सार्थक कदम है।



