कोलकाता। एसआईआर सहित अतिरिक्त कार्यों के निरंतर बढ़ते बोझ के विरोध में सोमवार को बीएलओ अधिकार रक्षक समिति ने प्रदर्शन किया। दोपहर के समय राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में बीएलओ कर्मचारियों के एकत्र होने से वहां तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अत्यधिक कार्यभार अब असहनीय हो चुका है। इसी विरोध को मुखर करते हुए उन्होंने “अब संभव नहीं” के नारे लगाकर अपना रोष व्यक्त किया।
स्थिति तब अधिक तनावपूर्ण हो गई जब कुछ बीएलओ ने चुनाव आयोग कार्यालय के मुख्य द्वार के पास लगे बैरिकेड को तोड़ने का प्रयास किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बीएलओ ने आयोग के कार्यालय के गेट पर ताला लगाने की कोशिश भी की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और बीएलओ कर्मचारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद बीएलओ कर्मचारियों का एक समूह वहीं आयोग कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गया। बीएलओ अधिकार रक्षक समिति का कहना है कि जब तक कार्यभार कम करने, आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराने और मानदेय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।



