कोलकाता, 21 अगस्त। अलीपुर मौसम विभाग ने गुरुवार से पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होगी और इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार और शनिवार को बारिश की तीव्रता और बढ़ेगी। इस दौरान तटीय और पश्चिमी जिलों में भारी वर्षा होने का अनुमान है। साथ ही, मछुआरों को शुक्रवार और शनिवार को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश वाले जिले (दक्षिण बंगाल):
उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पुरुलिया।
भारी बारिश वाले जिले (उत्तर बंगाल):
गुरुवार को जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग में भारी वर्षा होगी, जबकि शनिवार और रविवार को मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार हो रही बारिश से तिस्ता, तोर्सा और जलढाका नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।
कोलकाता में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है। पूरे दिन औसतन तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हवाएं 5.13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जबकि अधिकतम झोंके 8.29 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। हवा की दिशा 223 डिग्री पर रहेगी।