दार्जिलिंग। दार्जिलिंग के सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिष्ट ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह टीम एनएच-10 का विस्तृत सर्वेक्षण करने के लिए क्षेत्र का दौरा कर रही है। साथ ही यह एनएच-717ए पर जारी निर्माण कार्यों तथा वहां उत्पन्न समस्याओं का भी जायजा लिया। सांसद बिष्ट ने बताया कि 20 अगस्त को उन्होंने अपने एनएच-10 क्षेत्रीय निरीक्षण रिपोर्ट केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को सौंपी थी। उन्होंने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देश पर ही उच्चस्तरीय टीम को यहां भेजा गया है। बैठक में परियोजना प्रबंधन सलाहकार ने राजमार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपाय प्रस्तुत किए। इन उपायों के तहत भूस्खलन प्रवण क्षेत्रों का स्थिरीकरण, क्षरण नियंत्रण, कुछ हिस्सों में एनएच-10 का चौड़ीकरण, वायाडक्ट (उच्च पथ) और सुरंग निर्माण शामिल है।
वहीं दीर्घकालिक उपाय के तहत राजमार्ग के लिए नई एलाइमेंट तथा सुरंगों के निर्माण का प्रस्ताव भी दिया गया है। श्री बिष्ट ने निर्णय प्रक्रिया को शीघ्र गति देने पर जोर दिया, ताकि योजना एवं निविदा की प्रक्रिया वर्षा ऋतु में ही पूरी हो सके और बारिश थमते ही कार्य आरंभ कर मार्च तक महत्वपूर्ण हिस्सों का निर्माण पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष जैसी लंबी सडक़ बंदी और यातायात बाधा अब दोबारा नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र की जनता को हुई असुविधा अस्वीकार्य है और इसके समाधान हेतु एनएचआईडीसीएल को सक्रिय पहल करनी होगी।



