Wednesday, March 4, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

नेपाल में हुई हिंसा के मद्देनजर किशनगंज जिला प्रशासन अलर्ट, एसपी सागर कुमार ने भातगांव बीओपी में लिया सुरक्षा का जायजा

किशनगंज (नि.सं)। नेपाल में हुई हिंसा के मद्देनजर किशनगंज जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में मंगलवार को गलगलिया भद्रपुर सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल 41 वीं वाहिनी के भातगांव बीओपी में सुरक्षा का जायजा लेने जिला पुलिस अधीक्षक किशनगंज सागर कुमार पहुंच निरीक्षण किया। विषेश रुप से नेपाल सीमा, बंगाल व अन्य सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसे लेकर मंगलवार से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के साथ साथ भारत नेपाल सीमा पर पुलिस द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। एसपी सागर कुमार स्वयं व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे है। गलगलिया के पास नेपाल बॉर्डर में विशेष रूप से चौकसी बरती जा रही है।
बताते चले कि पिछले दो दिनों से नेपाल में जेन जी के द्वारा नेपाल सरकार के 26 सोशल मीडिया पर बैन एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। इसमें भ्रष्टाचार से अर्जित धन से राजनेताओं, प्रभावशाली लोगों के बच्चों को विशेषाधिकार देने का आरोप लगाया गया था। जिसमें नेपाल के युवाओं ने सरकार से प्रमुख मांगें की थी – सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध को हटाया जाए, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगे, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की जाए, प्रधानमंत्री ओली अपने पद से तुरंत इस्तीफा दें।

इस दौरान नेपाल की राजधानी काठमांडू से लेकर उसके अन्य शहरों में हिंसा फैल गई थी। पुलिस एवं सेना के द्वारा की गई गोलीबाड़ी में दर्जनों युवाओं की मौत के दूसरे दिन गलगलिया से सटे नेपाल के भद्रपुर में आंदोलनकारियों के द्वारा भद्रपुर नगरपालिका, भद्रपुर भंसार, सहित भद्रपुर पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देश की सुरक्षा में तैनात एसएसबी 41वीं बटालियन के भात गांव बीओपी के जवानों ने सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।

वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पहुंच कर एसएसबी जवानों के साथ बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने हेतु जरूरी दिशा निर्देश दिया। वहीं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आगजनी को लेकर कुछ समय के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा के दृष्टिकोण के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। एसएसबी जवानों द्वारा स्थिति को नियंत्रण होता देख नेपाल तथा भारत के नागरिकों को सुरक्षा के साथ आवागमन हेतु अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आवागमन शुरू की गई। इस मौके पर गलगलिया पुलिस सदल बल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुस्तैद थी।

नेपाल में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया है। भारत के सीमा सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सतर्कता बढ़ा दी है और भारतीय क्षेत्र में किसी भी तरह की अशांति फैलने से रोकने के लिए स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है। अधिकारियों ने बताया कई सीमा चौकियों पर कड़ी जांच की जा रही है।

Popular Coverage