नई दिल्ली।दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में दर्दनाक इमारत हादसे के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और पीजी मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 7 हो गई है। घटना के बाद से ही हरिराम अपने पूरे परिवार के साथ फरार चल रहा था, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
आलीशान घर और दुकान पर लटके मिले ताले
हरिराम बंसल गुरुग्राम में बेहद शाही जिंदगी जीता था। सोमवार को जब दिल्ली पुलिस की टीम गुरुग्राम के सेक्टर-23 स्थित उसके आलीशान मकान पर पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला। आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके अलावा सेक्टर-23 में ही स्थित उसकी दुकान ‘हरी पेंट्स एंड हार्डवेयर’ पर भी हादसे की शाम से ताला लगा हुआ है।
लुकआउट नोटिस जारी, बनाई गई थीं 10 विशेष टीमें
हादसे के बाद आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने तुरंत लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। हरिराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस ने 10 अलग-अलग टीमें गठित की थीं।
-
इन टीमों में लोकल डिस्ट्रिक्ट पुलिस, स्पेशल स्टाफ और अन्य ऑपरेशनल यूनिट्स के जवान शामिल थे।
-
प्रत्येक टीम की अगुवाई एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी कर रहे थे।
-
पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की, जिसके बाद आरोपी को राजस्थान से दबोच लिया गया।



