Sunday, November 29, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज में 11वीं युवा संसद का आयोजन, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित कर रहे विद्यार्थी

सिलीगुड़ी, 28 नवंबर: लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों और संसदीय कार्यप्रणाली के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से 11वीं युवा संसद-2026 का आयोजन किया गया। 27 और 28 नवंबर को संस्थान परिसर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्रीय विधि दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान को अपनाए जाने के ऐतिहासिक महत्व के साथ संविधान के अनुच्छेद 51A में वर्णित नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों पर विशेष जोर दिया गया। प्रतीकात्मक संसद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने समसामयिक सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों पर बहस में हिस्सा लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता, समस्या समाधान कौशल और संसदीय प्रक्रियाओं की समझ विकसित करना था।

कार्यक्रम के पहले दिन सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सिलीगुड़ी फ्रंटियर मुख्यालय के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ए.के.सी. सिंह और संस्थान के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। डॉ. शक्ति शर्मा, डॉ. रमेश दुराल, डॉ. रंजिता चक्रवर्ती और डॉ. पिंटू प्रसाद जायसवाल ने वक्ता एवं निर्णायक की भूमिका निभाई।

दूसरे दिन आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल सरकार के कानून, न्याय एवं उत्तर बंगाल विकास विभाग के राज्य मंत्री तथा अधिवक्ता बिराज विश्वास उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कलकत्ता हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वजीत बसु शामिल हुए। इसके अलावा संस्थान के संस्थापक एवं चेयरमैन तथा राज्य के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता डॉ. जयजीत चौधरी भी मौजूद रहे।

इस दिन वक्ता एवं निर्णायक के रूप में बीएसएफ के उत्तर बंगाल फ्रंटियर के कमांडेंट जसविंदर सिंह, उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के हिमालयन स्टडीज सेंटर के निदेशक डॉ. विनायक सुंदास, सहायक प्रोफेसर अद्वित्य थापा और सोनादा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश खाती उपस्थित रहे।

समापन समारोह में संस्थान की पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. तृष्णा गुरुंग ने स्वागत भाषण दिया। डॉ. जयजीत चौधरी ने मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत किया। वहीं न्यायमूर्ति विश्वजीत बसु और मंत्री बिराज विश्वास ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में सिलीगुड़ी देशबंधु हिंदी हाई स्कूल के मोहम्मद साकिबुद्दीन को सर्वश्रेष्ठ सांसद और सिलीगुड़ी के डीएवी स्कूल के सौर्नव सरकार को सर्वश्रेष्ठ वक्ता का पुरस्कार प्रदान किया गया। जलपाईगुड़ी लॉ कॉलेज की मेघना सरकार को विशेष प्रशंसा मिली। वहीं ‘माइक ड्रॉप’ पुरस्कार जलपाईगुड़ी लॉ कॉलेज की श्रेया कर और श्री श्री अकादमी के नव्यम चौधरी को दिया गया।

इसके अलावा सुदीप्त साहा, मिन्जी लामू तमांग, रुद्राणी शंकर मालाकार और प्रतीक्षा भंसाली को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

डॉ. विजय कुमार सिन्हा के धन्यवाद ज्ञापन, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय युवा संसद कार्यक्रम का समापन हुआ।

Popular Coverage