जनपथ समाचार न्यूज़ डेस्क, सिलिगुड़ी: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM से नकदी निकालने और अन्य बैंकिंग लेनदेन से जुड़े नियमों को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये नियम 27 नवंबर 2026 से लागू हो गए हैं। इसके तहत महीने में मुफ्त ATM ट्रांजैक्शन की निर्धारित सीमा, अतिरिक्त लेनदेन पर लगने वाला शुल्क, दूसरे बैंक के ATM से नकदी निकासी की सीमा और PoS मशीन से कैश निकालने के नियम स्पष्ट किए गए हैं।
अपने बैंक के ATM से महीने में पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन
बचत खाते के ग्राहकों को अपने बैंक के ATM से हर महीने पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी। इसमें नकदी निकालने के साथ बैलेंस चेक करने जैसी गैर-वित्तीय सेवाएं भी शामिल हैं।
वहीं, दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में महीने में तीन और गैर-मेट्रो शहरों में पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी। हालांकि, मेट्रो और गैर-मेट्रो शहरों के ATM को मिलाकर दूसरे बैंक के ATM से कुल पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन ही किए जा सकेंगे।
RBI ने छह शहरों—मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद को मेट्रो शहरों की श्रेणी में रखा है। इनके अलावा अन्य सभी शहर गैर-मेट्रो माने जाएंगे। बैंक चाहें तो निर्धारित न्यूनतम सीमा से अधिक मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा भी दे सकते हैं।
अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये शुल्क
मुफ्त ट्रांजैक्शन की निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद बैंक प्रत्येक अतिरिक्त लेनदेन पर अधिकतम 23 रुपये शुल्क ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त लागू टैक्स भी देना होगा। हालांकि, इसके लिए बैंक की बोर्ड से मंजूर शुल्क नीति होना जरूरी है। ग्राहकों को मुफ्त ट्रांजैक्शन की शेष संख्या और सीमा पार होने पर लगने वाले शुल्क की जानकारी भी देनी होगी।
दूसरे बैंक के ATM से एक बार में अधिकतम 10 हजार रुपये
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, दूसरे बैंक के ATM से एक बार में नकद निकासी की अधिकतम सीमा 10 हजार रुपये निर्धारित की गई है। यानी अपने बैंक के अलावा किसी अन्य बैंक के ATM से एक ट्रांजैक्शन में 10 हजार रुपये से अधिक नहीं निकाले जा सकेंगे।
ATM से पैसा नहीं निकलने पर नहीं लगेगा शुल्क
तकनीकी खराबी, नेटवर्क समस्या, ATM में नकदी की कमी या बैंक अथवा सेवा प्रदाता की गलती से लेनदेन विफल होने पर ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे असफल ट्रांजैक्शन को मासिक मुफ्त लेनदेन की सीमा में भी नहीं गिना जाएगा। इससे ग्राहकों की मुफ्त ट्रांजैक्शन सुविधा प्रभावित नहीं होगी।
RBI ने बैंकों को ATM पर मेट्रो और गैर-मेट्रो श्रेणी की स्पष्ट जानकारी देने का निर्देश भी दिया है। साथ ही निकासी सीमा, मुफ्त ट्रांजैक्शन और अतिरिक्त शुल्क से संबंधित विवरण अंग्रेजी, हिंदी तथा स्थानीय भाषा में प्रदर्शित करना होगा।
PoS मशीन से भी निकाल सकेंगे नकद रुपये
ATM के अलावा दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगी प्वाइंट ऑफ सेल (PoS) मशीन से भी नकदी निकासी की सुविधा मिलेगी। इसके लिए डेबिट कार्ड, पूर्ण KYC वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) और UPI का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इस सुविधा के तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये तक निकाले जा सकेंगे। यदि इस सेवा के लिए कोई शुल्क लिया जाता है, तो वह लेनदेन की कुल राशि के एक प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता।
खास बात यह है कि PoS मशीन से नकदी निकालने के लिए ग्राहक को संबंधित दुकान से कोई सामान खरीदना अनिवार्य नहीं होगा। यदि खरीदारी के साथ नकदी भी निकाली जाती है, तो रसीद में खरीदारी की राशि और निकाली गई नकदी का विवरण अलग-अलग देना होगा।
RBI के इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य ATM और PoS सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाना तथा ग्राहकों को लेनदेन से जुड़े शुल्क और सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना है।



