Wednesday, September 2, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

गोवा से दिल्ली आ रहे यात्रियों की अटकी सांसें, 14000 फीट पर मौत से हुआसामना, अचानक फेल हो गया इंडिगो एयरलाइंस का इंजन

नई दिल्ली। गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट का इंजन 14000 फीट की ऊंचाई पर मंगलवार को फेल हो गया. फ्लाइट नंबर 6E2102 को सुबह 11.45 बजे दिल्ली लैंड करना था. लेकिन इंजन फेल होने के कारण वापस गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. जैसे ही यात्रियों को इंजन फेल होने की खबर मिली तो उनके बीच दहशत फैल गई. करीब 20 मिनट के बेहद डरावने अनुभव के बाद फ्लाइट को वापस गोवा एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.यात्रियों ने घटना को बेहद दर्दनाक और डरावना अनुभव बताया. यह घटना तब हुई जब फ्लाइट ने दिल्ली के लिए अपनी यात्रा शुरू ही की थी.
इस घटना पर इंडिगो ने बयान जारी किया है. कंपनी ने कहा, मंगलवार को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक तकनीकी खराबी का पता चला. स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया. इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, विमान की अभी मेंटेनेंस जांच चल रही है और सभी जरूरी मंजूरी मिलने के बाद इसे फिर से सेवा में लाया जाएगा.
एयरपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी 229 यात्री सुरक्षित थे.यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि वे दोपहर में दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे. इंडिगो ने पुष्टि की कि उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला था और पायलटों ने एयरपोर्ट लौटने से पहले स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन किया. प्रवक्ता ने कहा, ‘हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हमने इसे कम करने की पूरी कोशिश की, जिसमें रिफ्रेशमेंट और समय पर अपडेट देना शामिल है. हमने अपने ग्राहकों के लिए उनकी मंजिल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक इंतज़ाम भी किए हैं.’
इंडिगो ने दोहराया कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. यह घटना दिल्ली से गोरखपुर जाने वाली इंडिगो की एक और उड़ान के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें मंजिल पर सुरक्षित लैंडिंग से पहले एहतियात के तौर पर ‘गो-अराउंड’ (विमान को लैंडिंग से ठीक पहले दोबारा हवा में ले जाना) किया गया था. इंजन में खराबी का कारण अभी पता नहीं चल पाया है. एयरलाइन और एविएशन अधिकारियों से और जानकारी का इंतजार है.

Popular Coverage