लीगुड़ी, 26 नवंबर: किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने गुरुवार को सिलीगुड़ी में विरोध मार्च निकाला। बाघाजतिन पार्क से शुरू हुआ मार्च एयरव्यू मोड़ पहुंचा। इसमें विभिन्न किसान संगठनों के सदस्यों और समर्थकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ कार्यालय पहुंचकर दस सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में उत्पादन लागत का डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित करना, कृषि ऋण माफ करना और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाना शामिल है। इसके साथ ही एसआईआर प्रक्रिया को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसे रद्द करने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता रद्द करने तथा बिजली विधेयक और स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग की गई।
इसके अलावा रेलवे की जमीन से बेदखली से पहले वैकल्पिक पुनर्वास की व्यवस्था करने, रेलवे फाटक बंद नहीं करने और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग भी उठाई गई।
आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


