Thursday, November 26, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

Related News

सिलीगुड़ी के देवीडांगा में एसबीआई की नई शाखा का शुभारंभ, घर बैठे खाता खोलने की विशेष पहल

सिलीगुड़ी, 26 नवंबर: तेजी से विकसित होते शहरी क्षेत्रों में ग्राहकों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने सिलीगुड़ी के देवीडांगा में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया। बैंक के प्रबंध निदेशक (रिटेल) अमरामोहन राव ने कोलकाता से वर्चुअल माध्यम से शाखा का उद्घाटन किया। बैंक अधिकारियों के अनुसार, उत्तर बंगाल और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

बैंक सूत्रों के अनुसार, उत्तर बंगाल और सिक्किम में कुल तीन नई शाखाएं खोली जा रही हैं। इनमें मालदा की शाहपुर, सिलीगुड़ी की देवीडांगा और सिक्किम की सिक्के शाखा शामिल हैं। देवीडांगा क्षेत्र के तेजी से विस्तार को देखते हुए स्थानीय निवासियों और व्यवसायियों की सुविधा के लिए नई शाखा खोली गई है।

उत्तर बंगाल एवं सिक्किम के जोनल प्रमुख तथा उप महाप्रबंधक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट सरल’ के तहत अब ग्राहकों को अपनी मूल शाखा तक सीमित रहने की आवश्यकता नहीं है। वे किसी भी शाखा से विभिन्न प्रकार के बैंकिंग लेनदेन कर सकते हैं। व्हाट्सऐप बैंकिंग और योनो जैसी डिजिटल सेवाओं से दैनिक लेनदेन आसान हुआ है। ऐसे में नई शाखाओं में ग्राहकों के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने और उचित वित्तीय परामर्श देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बैंक के विशेषज्ञ कर्मचारी ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप वित्तीय उत्पादों और सेवाओं के चयन में उनकी सहायता करेंगे।

घर बैठे खाता खोलने के लिए चलेगा विशेष अभियान : एसबीआई ने स्थानीय ग्राहकों के लिए आगामी एक महीने तक विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि पहले लोगों को खाता खोलने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। अब विशेष अभियान के तहत ग्राहकों को घर बैठे बैंक खाता खोलने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा ऋण और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी सेवाएं भी लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। उच्च आय वर्ग (एचएनआई) के ग्राहकों से रिलेशनशिप मैनेजर उनके घर जाकर संपर्क करेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक होने के कारण किसी विशेष शाखा के लिए अलग ब्याज दर या विशेष वित्तीय उत्पाद उपलब्ध कराने की नीति नहीं है।

डिजिटल धोखाधड़ी रोकने के लिए जागरूकता पर जोर : डिजिटल लेनदेन में वृद्धि के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए बैंक अधिकारियों ने जागरूकता को सबसे प्रभावी उपाय बताया। प्रशांत कुमार सिंह ने ग्राहकों को अपना पासवर्ड और मोबाइल ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पूरे पश्चिम बंगाल में विशेष शिविरों के माध्यम से छोटे ग्राहकों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में समाचार माध्यमों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

एक ही मशीन से नकदी जमा और निकासी की सुविधा : एटीएम और नकदी जमा मशीनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी जोनल प्रमुख ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल लेनदेन बढ़ने के कारण नकदी निकालने की तुलना में जमा करने की प्रवृत्ति बढ़ी है। इसे देखते हुए पुरानी मशीनों की जगह आधुनिक संयुक्त सीडीएम-एटीएम मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों से ग्राहक नकदी जमा करने के साथ उसकी निकासी भी कर सकेंगे। ग्राहकों द्वारा जमा किए गए उपयोग योग्य नोटों का इस्तेमाल दूसरे ग्राहकों को नकदी उपलब्ध कराने में किया जा सकेगा।

उद्घाटन समारोह में प्रशांत कुमार सिंह के अलावा सिलीगुड़ी के क्षेत्रीय प्रबंधक कुमार आशुतोष, ऋण प्रसंस्करण केंद्र (सीपीसी) एवं बड़ी एसएमई शाखाओं के सहायक महाप्रबंधक सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Popular Coverage