सौ से अधिक शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और उद्योग विशेषज्ञ होंगे शामिल
सिलीगुड़ी : रोजगारपरक कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के बीच संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से एवलॉन शिक्षानिकेतन की ओर से आगामी 28 नवंबर को सिलीगुड़ी में अकादमिक सम्मेलन ‘एडुकॉन 2026’ का आयोजन किया जाएगा। होटल सलूजा रेजिडेंसी में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल के सौ से अधिक शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, शिक्षकों तथा विभिन्न उद्योगों के विशेषज्ञों के शामिल होने की संभावना है।
पत्रकार सम्मेलन में संस्थान के प्रशासनिक प्रमुख संजय भट्टाचार्य ने बताया कि वर्ष 2008 में एविएशन, हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन क्षेत्र में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के माध्यम से एवलॉन शिक्षानिकेतन ने उत्तर बंगाल में कौशल आधारित शिक्षा की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2017 से विभिन्न विश्वविद्यालयों की स्वीकृति और सरकारी महाविद्यालयों के सहयोग से बीबीए डिग्री पाठ्यक्रम शुरू किए गए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी इस प्रकार की शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि अलीपुरद्वार और कूचबिहार जैसे दूरदराज के क्षेत्रों के कई विद्यार्थी इस प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने में सफल रहे हैं।
संस्थान के शिक्षक सुशोभन समाजदार ने बताया कि सिलीगुड़ी कॉलेज, पीडी महिला महाविद्यालय, सूर्यसेन महाविद्यालय, अलीपुरद्वार कॉलेज और कूचबिहार कॉलेज सहित विभिन्न सरकारी शिक्षण संस्थानों में ये पाठ्यक्रम संचालित हैं। उनके अनुसार, बागडोगरा हवाई अड्डे के अंतरराष्ट्रीयकरण और वर्ष 2030 तक उत्तर बंगाल में करीब 20 नए सितारा श्रेणी के होटल स्थापित होने की संभावना से पर्यटन और आतिथ्य उद्योग में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इन अवसरों के लिए विद्यार्थियों को पहले से तैयार करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
एविएशन विभाग की शिक्षिका एवं केंद्र प्रमुख रोजी ठटाल ने कहा कि वर्तमान रोजगार बाजार में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव प्रदान करने के लिए संस्थान में विशेष अभ्यास कक्ष की व्यवस्था भी की गई है।
वहीं, मानव संसाधन प्रबंधक निशा गुप्ता और पर्यटन विभाग की शिक्षिका दीपशिखा दास ने बताया कि अच्छे शैक्षणिक परिणाम हासिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ आत्मविश्वास अथवा आवश्यक कौशल की कमी के कारण रोजगार से वंचित युवाओं को भी प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य है।
आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह सम्मेलन बारहवीं और स्नातक के बाद पर्यटन, विमानन तथा आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



